बिहारीगंज (मधेपुरा): मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के हथिऔंधा गांव निवासी 25 वर्षीय छोटेलाल कुमार की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। छोटेलाल जियो फाइबर कंपनी में सहायक प्वाइंटमैन के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जानकारी के अनुसार, 4 जून को मुरलीगंज थाना क्षेत्र के डुमरिया कोल्हायपट्टी स्थित एक घर की छत पर जियो फाइबर उतारने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से छोटेलाल छत से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) भेजा गया, जहां 8 जून को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मंगलवार को जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों और एक बहन में शामिल था। परिजनों के अनुसार, छोटेलाल परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और उसी की आय पर पूरे परिवार का भरण-पोषण निर्भर था। उनके पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं।
घटना के बाद परिजनों ने जियो कंपनी से उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार नौकरी तथा मृतक के माता-पिता को आजीवन पेंशन देने की मांग की है। परिजनों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाना में किसी प्रकार का आवेदन नहीं दिया गया था।