सलखुआ (सहरसा): थाना क्षेत्र के खजुराहा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर 20 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि सलखुआ पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित खजुराहा गांव निवासी अनिल कुमार और सुधीर यादव उर्फ करी लाल यादव चोरी-छिपे शराब की तस्करी में संलिप्त हैं तथा बाइक से कहीं जाने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में अपर थानाध्यक्ष एसआई बबलू कुमार, पीएसआई दीपक कुमार राम एवं सशस्त्र बल के साथ खजुराहा गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान अनिल यादव के घर के समीप दो युवक एक बाइक पर बोरा नुमा थैला लेकर निकलने की तैयारी में दिखाई दिए।
पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवक बाइक छोड़कर गली के रास्ते जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से होंडा शाइन बाइक (नंबर बीआर-19वाई-7052) जब्त कर ली। बाइक पर लदे बोरे की तलाशी लेने पर 750 एमएल की सिग्नेचर ब्रांड की 27 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।