Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:सरकारी कार्य के दौरान मुखिया से मारपीट का आरोप, ₹2 लाख रंगदारी मांगने की शिकायत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 9, 2026

MADHEPURA:सरकारी कार्य के दौरान मुखिया से मारपीट का आरोप, ₹2 लाख रंगदारी मांगने की शिकायत

शंकरपुर में सरकारी कार्य के दौरान मुखिया से मारपीट का आरोप, ₹2 लाख रंगदारी मांगने की शिकायत

मधेपुरा/शंकरपुर। शंकरपुर प्रखंड के जिरवा मढ़ैली ग्राम पंचायत के मुखिया राधेश्याम शर्मा ने सरकारी कार्य के दौरान मारपीट, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को लिखित आवेदन सौंपा है। मामले को गंभीर मानते हुए बीडीओ ने जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पदाधिकारी के निर्देश पर कस्तूरबा विद्यालय परिसर में पुराने कमरों की मरम्मत, डेंटिंग-पेंटिंग, ग्रिल मरम्मत एवं सफाई का कार्य कराया जा रहा था। बताया गया कि बीडीओ के निर्देश पर पंचायत निधि से यह कार्य कराया जा रहा था। इसी क्रम में 6 जून 2026 को मुखिया राधेश्याम शर्मा ग्रिल मिस्त्री और सफाई कर्मियों के साथ विद्यालय परिसर में मौजूद थे।

मुखिया द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कार्य के दौरान मढ़ैली बाजार निवासी सिंटु यादव, आलोक यादव, ढोलन यादव सहित कुछ अन्य लोग चार पहिया वाहन से विद्यालय परिसर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और कार्य में बाधा डालने लगे।

आवेदन के अनुसार सिंटु यादव और आलोक यादव के हाथ में देसी कट्टा था, जबकि अन्य लोगों के पास लोहे की रॉड थी। आरोप है कि सभी ने मिलकर मुखिया के साथ मारपीट की और ₹2 लाख रंगदारी की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मुखिया ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि ग्रिल मिस्त्री रूपक कुमार जब मोबाइल पर बात करने के लिए बाहर निकला तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर लोहे की रॉड, लात और घूंसों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोप है कि घटना के बाद जाते समय आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया तो वे घर पहुंचकर जान से मार देंगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शंकरपुर के बीडीओ ने मंगलवार को थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, रंगदारी मांगने तथा श्रमिकों के साथ मारपीट के आरोपों की त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

वहीं, शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आवेदन में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।