Kosi Live-कोशी लाइव PROUD NEWS:नेपाल में मधेपुरा की रिद्धी का जलवा, सागरमाथा कप में जीता ब्रॉन्ज मेडल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 8, 2026

PROUD NEWS:नेपाल में मधेपुरा की रिद्धी का जलवा, सागरमाथा कप में जीता ब्रॉन्ज मेडल

काठमांडू में मधेपुरा की रिद्धी का जलवा, सागरमाथा कप में जीता ब्रॉन्ज मेडल

मधेपुरा। जिले की बाल नृत्यांगना रिद्धी शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर मधेपुरा का नाम रोशन किया है। होली क्रॉस गर्ल्स स्कूल, मधेपुरा की छात्रा रिद्धी ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में छह और सात जून 2026 को आयोजित सागरमाथा कप इंटरनेशनल डांस प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

रिद्धी, अभिषेक शर्मा की पुत्री हैं और उन्होंने नृत्य की प्रारंभिक शिक्षा मधेपुरा की प्रसिद्ध नृत्यशाला डांस एकेडमी से प्राप्त की है। प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान समेत कई देशों के लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। रिद्धी ने अपनी भावपूर्ण और आकर्षक प्रस्तुति से निर्णायकों एवं दर्शकों का दिल जीतते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

स्कूल और एकेडमी में खुशी की लहर

रिद्धी की इस उपलब्धि पर होली क्रॉस गर्ल्स स्कूल की डायरेक्टर बंदना कुमारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि रिद्धी की उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

वहीं नृत्यशाला डांस एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक आर्या और किट्टू ने कहा कि रिद्धी की मेहनत, समर्पण और अनुशासन उसकी सफलता की सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने बताया कि नियमित और कठिन अभ्यास का ही परिणाम है कि उसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

पिता ने जताया गर्व

रिद्धी के पिता अभिषेक शर्मा ने इस सफलता का श्रेय एकेडमी के गुरुजनों और स्कूल प्रबंधन को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और वे हर चुनौती का मुकाबला कर सकती हैं।

कई पदाधिकारियों ने दी बधाई

रिद्धी की उपलब्धि पर बिहार डांस स्पोर्ट यूनिट के अध्यक्ष सूरज वर्मा, बंगाल डांस स्पोर्ट यूनिट के अध्यक्ष प्रकाश सिन्हा, हेड ऑफ इंचार्ज कुंदन पंडित तथा ज्वाइंट सेक्रेटरी बीडीएसयू नवीन सिंह राजपूत ने बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।