उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में उदा हाई स्कूल के सामने NH-106 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में उनका 3 वर्षीय पोता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
मृतक की पहचान मधुवन पंचायत के उदा पश्चिमी टोला निवासी रविंद्र महतो (55) के रूप में हुई है। घायल पोते का नाम रजनीश कुमार (3) है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल ले जाने के दौरान मचा अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से रविंद्र महतो और उनके पोते को अनुमंडलीय अस्पताल हरैली पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रविंद्र महतो को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे एक निजी नर्सिंग होम भेज दिया गया।
गांव में पसरा मातम
पोस्टमार्टम के बाद जब पुलिस शव लेकर गांव पहुंची तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रमोद चौधरी और प्रवीण कुमार ने बताया कि रविंद्र महतो दिव्यांग होने के बावजूद ट्राइसाइकिल के सहारे मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
उनकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह अपनी तीन छोटी बेटियों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
प्रशासन ने सहायता का दिया आश्वासन
सुधाकर कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं स्वाति झा ने जानकारी दी कि मृतक के परिजनों को आपदा राहत मद से सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए राजस्व कर्मचारी से जांच भी कराई जा चुकी है।