सहरसा सदर थाना क्षेत्र के संतनगर वार्ड संख्या-4 में CTET की तैयारी कर रहे 27 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है। शनिवार सुबह उसका शव किराये के कमरे में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार पिछले करीब चार महीने से सहरसा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार रात वह अन्य छात्रों के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो साथ रहने वाले छात्रों को चिंता हुई। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर छात्रों ने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर सुशील मृत अवस्था में मिला।
घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार और सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल परिवार के आने का इंतजार किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि भोजन में गड़बड़ी, किसी दवा के रिएक्शन या अन्य चिकित्सीय कारणों से मौत हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।