सहरसा में ठनका गिरने से युवती की मौत, एक गंभीर रूप से झुलसी
सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा) से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद गांव में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी 17 वर्षीय युवती गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सिटानाबाद गांव के अमरुल्लाह टोला (वार्ड संख्या-5) निवासी दिलीप दास की 18 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवती की पहचान वीरेंद्र दास की 17 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर दोनों युवतियां घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में मवेशियों के लिए घास लाने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश के बीच जोरदार कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली सीधे दोनों युवतियों पर गिर गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरीबख्तियारपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद ज्योति कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसी लक्ष्मी कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सहरसा रेफर कर दिया गया।
मृतका ज्योति के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना के दारोगा सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम, तेज बारिश और वज्रपात के दौरान खुले खेतों, तालाबों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।