शंकरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.5 लीटर अवैध शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के अभियान के तहत शंकरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बगियानी गांव में छापेमारी कर 2.5 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की और मौके से एक शराब धंधेबाज को गिरफ्तार किया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। शंकरपुर थाने के पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) श्यामदेव यादव को जानकारी मिली कि बगियानी गांव निवासी नुनूलाल मेहता (65 वर्ष), पिता स्वर्गीय किशन मेहता, अपने घर पर अवैध रूप से शराब बेचता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर की घेराबंदी कर दी। स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में घर और परिसर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान घर के आगे स्थित गौशाला के पास एक प्लास्टिक के गैलन में 2.5 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।
आरोपी नुनूलाल मेहता वैध कागजात या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शंकरपुर थाना में बिहार उत्पाद संशोधन अधिनियम 2018 के तहत कांड संख्या 143/26 दर्ज किया गया है।
इस मामले की जांच एएसआई मिथिलेश कुमार गुप्ता कर रहे हैं।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार और तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर बगियानी गांव में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब माफियाओं और धंधेबाजों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सके।