Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:CM पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: वायरल वीडियो के आरोपी रूपेश तिवारी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 28, 2026

BIHAR:CM पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: वायरल वीडियो के आरोपी रूपेश तिवारी गिरफ्तार

सीवान में CM पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: वायरल वीडियो के आरोपी रूपेश तिवारी गिरफ्तार

सीवान (अरविंद कुमार सिंह): बिहार के मुख्यमंत्री पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणी कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

कैंडल मार्च के दौरान बनाया गया था वीडियो

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूपेश तिवारी उर्फ अजित मणि त्रिपाठी के रूप में हुई है। वह आंदर थाना क्षेत्र के जयजोर गांव का निवासी है। एसपी कार्यालय ने बताया कि वायरल वीडियो 22 जून 2026 को डीएवी मोड़ से जेपी चौक तक निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान बनाया गया था।

यह कैंडल मार्च जन चेतना मंच, सीवान द्वारा बेलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भारत भूषण तिवारी के विरोध में आयोजित किया गया था।

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का आरोप

पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में आरोपी मुख्यमंत्री के संबंध में कथित अभद्र टिप्पणी करता नजर आया। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने इसे सामाजिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास माना। इसके बाद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से हुई गिरफ्तारी

नगर थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार और आंदर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच, डिजिटल ट्रैकिंग और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आंदर थाना में उसके खिलाफ वर्ष 2017 और 2022 में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। वहीं नगर थाना में वर्ष 2023 में हत्या, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज है। इसके अलावा हुसैनगंज थाना में भी जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला पहले से दर्ज है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।