Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा के हनुमान मंदिर से 1.5 लाख का चांदी का मुकुट चोरी, बाइक सवार बदमाश फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 28, 2026

सहरसा के हनुमान मंदिर से 1.5 लाख का चांदी का मुकुट चोरी, बाइक सवार बदमाश फरार

सहरसा के हनुमान मंदिर से 1.5 लाख का चांदी का मुकुट चोरी, बाइक सवार बदमाश फरार
Saharsa के सदर थाना क्षेत्र स्थित पटुआहा गांव के श्री श्री 108 हनुमान मंदिर से बजरंगबली का चांदी का मुकुट चोरी हो गया। एनएच-107 के समीप स्थित इस मंदिर में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए मुकुट की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार युवकों पर शक
जानकारी के अनुसार, मंदिर के मुख्य पुजारी अवकाश पर थे, जिसके कारण स्थानीय निवासी विभूति झा पूजा-अर्चना का कार्य संभाल रहे थे। इसी दौरान जब वे स्नान करने गए, तब एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक मंदिर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि एक युवक बाइक स्टार्ट कर मंदिर के बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा पूजा करने के बहाने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गया। मंदिर में किसी को नहीं देखकर उसने बजरंगबली का चांदी का मुकुट उठा लिया और बाहर निकलकर अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
डायल 112 पर दी गई सूचना
स्नान कर लौटने के बाद जब विभूति झा ने मुकुट गायब देखा, तो उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और पीड़ित पक्ष को थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी। वार्ड संख्या 24 के निवासी सत्यम शिवम, बुमन कुमार, तेज नारायण, गौतम कुमार और मनीष मिश्रा सहित कई ग्रामीणों ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
2021 में हुई थी मंदिर की स्थापना
ग्रामीणों के अनुसार, इस चांदी के मुकुट की प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष 2021 में मंदिर स्थापना के समय की गई थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की पहचान कर मुकुट बरामद करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत और चिंतित हैं।
थाना अध्यक्ष ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।