प्रिंस यादव मौत केस में बड़ा खुलासा: नेपाल पुलिस के दस्तावेज आए सामने, कमरे से मिली एपिलेप्सी की दवा
पटना/विराटनगर: पटना में कोचिंग सेंटर और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद मामले में नामजद आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल में हुई मौत के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। सहरसा निवासी 24 वर्षीय प्रिंस कुमार की विराटनगर में हुई मौत को लेकर नेपाल पुलिस के तीन महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज सामने आए हैं, जिनसे घटना की पूरी टाइमलाइन स्पष्ट हो गई है।
रात 11 बजे अचानक बिगड़ी तबीयत
नेपाल पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, 13 जून की रात करीब 11 बजे के विराटनगर-10 स्थित शुभ होटल के कमरे में ठहरे प्रिंस कुमार की अचानक तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए श्री कोशी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया और कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया
नेपाल पुलिस ने अस्पताल प्रशासन को पत्र भेजकर शव को सुरक्षित रखने और पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने स्ट्रेचर पर रखे शव के कपड़ों और बाहरी स्थिति की बारीकी से जांच की।
प्राथमिक जांच में शरीर पर किसी गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं मिलने की बात सामने आई है। हालांकि मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर ही होगी।
कमरे से मिली एपिलेप्सी की दवा
जांच के दौरान पुलिस को प्रिंस के होटल कमरे से एपिलेप्सी (मिर्गी) की दवा मिली। नेपाल पुलिस के अनुसार, प्रिंस पहले से इस बीमारी की दवा का सेवन कर रहे थे। इसी पहलू को भी मौत की जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
कोचिंग संस्थान में पसरा मातम
से जुड़े प्रिंस यादव की मौत की खबर सामने आने के बाद संस्थान में शोक का माहौल है। घटना के बाद कोचिंग में क्लासें बंद कर दी गई हैं। छात्रों और स्टाफ के बीच गहरा दुख और तनाव देखा जा रहा है।
फिलहाल सभी की नजर पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और नेपाल पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मौत के असली कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।
प्रिंस के साथ थे उनके चार दोस्त
सूत्रों के मुताबिक प्रिंस सोमवार को ही अपने चार मित्र अरनिया यादव, रोशन यादव, लालटू यादव व जयराम यादव के साथ शुभा होटल पहुंचे थे।
घटना के वक्त शनिवार की रात चारों दोस्त कमरे में मौजूद थे। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। डीएसपी मिश्रा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
नेपाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद प्रिंस यादव का शव स्वजनों को सौंप दिया है। स्वजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए सहरसा लौट गए हैं।