बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव से सामने आए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने नया मोड़ ले लिया है. एक ओर इस मामले में जहां सरकार की ओर से न्यायिक जांच की बात कही जा रही है तो वहीं दूसरी ओर भरत की मां ने अब भोजपुर SP पर बड़ा दावा पर सनसनीखेज आरोप लगाए है.
मीडिया से बातचीत के दौरान आशा देवी ने कहा है कि SP ने घर पहुंचकर मामले को दबाने का दबाव बनाया और साथ ही धमकी भी दी है कि, 'मीडिया में ज्यादा मत बोलो, नहीं तो भरत की तरह ही मरवा देंगे.' आशा देवी के गंभीर आरोप के मामले ने एक बार फिर से तूल पकड़ ली है. हालांकि SP ने इन आरोपों को निराधार बताया है.
SP पर लगाया गंभीर आरोप, छोटे बेटे को भी दी धमकी
मीडिया से बातचीत के दौरान आशा देवी ने बताया कि घटना के आठ दिन बाद के SP उनके घर पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी भी नहीं थी. उन्होंने SP पर आरोप लगाते हुए कहा कि, एसपी ने परिवार से साफ कहा कि इस मामले को यहीं खत्म कर दीजिए और मीडिया में ज्यादा बयानबाजी मत कीजिए. अगर ऐसा नहीं किया तो बेटे(भरत) की तरह ही मरवा देंगे.
आशा देवी ने आगे यह भी कहा कि, एसपी ने उनके छोटे बेटे चंदन तिवारी को अलग ले जाकर साफ-साफ कहा कि भरत अपराधी था, उसने थानेदार पर बंदूक तानी थी, इसलिए ही उसे मार दिया गया. उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा कि, चंदन को भी यह कहा गया कि अगर वह भी इसी तरह बोलता रहा तो उसका भी भरत जैसा ही हाल कर दिया जाएगा. साथ ही आशा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि SP को सारी बातें पता थी और उन्होंने ही एनकाउंटर का आदेश दिया था.
SP ने आरोपों को बताया निराधार
हालांकि जब भोजपुर SP से भरत तिवारी की मां आशा देवी के लगाए आरोपों पर पूछा गया तो उन्होंने सारे आरोपों को खारिज कर दिया. भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने वॉट्सऐप मैसेज के जरिए बताया की सभी आरोप बेबुनियाद है और पुलिस इस न्यायिक जांच में सहयोग कर पूरे तथ्यों को सही तरीके से जांच-पड़ताल में सहयोग कर रही है.
सरकार को दी चेतावनी!
भरत तिवारी के एनकाउंटर के बाद ही मामला लगातार गरमाया हुआ है. इसी बीच मृतक की मां आशा देवी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि, अगर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर सही से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि न्याय नहीं मिलने पर सरकार की जवाबदेही होगी और मु्ख्यमंत्री को भी जवाब देना पड़ेगा.
उधर सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले ही न्यायिक जांच के आदेश दे दिए है और जांच की प्रक्रिया शुरू भी हो गई है. परिजन शुरुआत से ही पुलिस की कार्रवाई को फर्जी एनकाउंटर बता रहे है और निष्पक्ष जांच के साथ-साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे है.
आरोपी पुलिसवालों पर दर्ज हो चुकी है FIR
भरत तिवारी एनकाउंटर केस में आशा देवी के शिकायत पर आरोपी पुलिस वालों पर पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है. इसमें जगदीशपुर SDPO राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर थाना अध्यक्ष सहित एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसवाले हैं. गौरतलब है कि मामले लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है.