पटना में खान सर (Khan Sir) के कोचिंग संस्थान के बाहर मंगलवार (02 जून, 2026) की रात हुए हमले के मामले में रौशन आनंद (Raushan Anand) सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है. बुधवार (03 जून, 2026) को पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि भी की गई है. इस बीच गिरफ्तार होने वाले रौशन आनंद (ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर) की प्रतिक्रिया आई है.
रौशन आनंद ने इस घटना के पीछे दो लोगों का नाम लिया है और कहा है कि साजिश की गई है. उनकी बातों से एक चीज और स्पष्ट हुआ है कि ये पूरा मामला बिहार पुलिस के हाल ही में जारी हुए रिजल्ट से जुड़ा हुआ है.
रौशन आनंद ने कहा, "ज्ञान बिंदु और हमारे खिलाफ साजिश है. बिहार पुलिस में जो रिजल्ट हुआ है उसी की साजिश है. हमको फंसाया जा रहा है. किसान कोल्ड स्टोर के मालिक और खान सर जो हैं दोनों मिलकर ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं… लेकिन सत्यमेव जयते. हमेशा सत्य की जीत होती है."
खान सर ने शुरू में कहा था कि कई राउंड गोली चलाई गई है. इस पर रौशन आनंद ने स्पष्ट करते हुए कहा, "कोई भी गोली नहीं चली है लेकिन फिर भी कहा जा रहा है कि गोली चली है…"
रौशन आनंद सहित तीन की हुई है गिरफ्तारी
बता दें कि पुलिस ने खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई अशांति के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है. यह शिकायत 'खान ग्लोबल स्टडीज' के प्रबंधक कन्हैया सिंह ने दर्ज कराई है. मामला कदमकुआं पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में 'ज्ञान बिंदु' के निर्देशक रौशन आनंद के साथ-साथ प्रिंस, अभिषेक, गौरव और 15-20 अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.