पटना: चर्चित शिक्षक Khan Sir के कोचिंग संस्थान में हुई हिंसा और फायरिंग विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे दो सुरक्षा गार्डों से पूछताछ की है और उनके हथियार जब्त कर लिए हैं। दूसरी ओर, Roshan Anand उर्फ रौशन सर के समर्थन में हजारों छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए।
गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र कारगिल चौक पहुंचे और “जेल का ताला टूटेगा, रौशन सर छूटेगा” तथा “खान सर हाय-हाय” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि रौशन आनंद को साजिश के तहत फंसाया गया है और उन्हें तत्काल रिहा किया जाना चाहिए।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज
ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी एक कथित वीडियो में कुछ लोग हथियारों के साथ फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कदमकुआं थाना पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। वीडियो में दिख रहे दोनों गार्डों को थाने बुलाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। इसके साथ ही उनके हथियार जब्त कर लिए गए हैं, जिनकी तकनीकी जांच और सत्यापन कराया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर कदमकुआं थाने में एक नई प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। जांच के तहत दोनों गार्डों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
छात्रों का प्रदर्शन, खान सर की गिरफ्तारी की मांग
रौशन सर की गिरफ्तारी के विरोध में सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों का आरोप है कि मामले में एकतरफा कार्रवाई की गई है। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने रौशन आनंद को निर्दोष बताते हुए खान सर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस बोली- खान सर से भी हुई पूछताछ
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्र कैंडल मार्च और रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर जुटे थे। उन्होंने कहा कि मामले में दो गार्डों से पूछताछ की गई है और खान सर से भी पूछताछ हुई है। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञान बिंदु कोचिंग ने लगाया बड़ा आरोप
ज्ञान बिंदु कोचिंग के प्रतिनिधि आदर्श कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्डों ने की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी। साथ ही सवाल उठाया कि जब वायरल वीडियो में रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं तो उनकी गिरफ्तारी किस आधार पर की गई।
2 जून की रात क्या हुआ था?
2 जून की रात करीब 10 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर में हंगामा हुआ था। आरोप है कि कुछ लोगों ने वहां मौजूद गार्डों के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। घटना के बाद खान सर ने शुरुआत में 8 से 10 राउंड फायरिंग होने की बात कही थी, हालांकि बाद में उनके बयान में बदलाव देखने को मिला। इसके बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया।
रौशन आनंद पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस पहले ही रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। रौशन आनंद ने गिरफ्तारी के बाद स्वयं को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है और घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पटना में यह विवाद शिक्षा जगत के साथ-साथ छात्रों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।