हेडलाइन:
पूर्णिया में नाबालिग को ब्लैकमेल कर शोषण का आरोप, गहने ऐंठने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा; POCSO में जेल
खबर:
पूर्णिया के मधुबनी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से ब्लैकमेलिंग और शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक गौरव ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
आरोप है कि युवक ने नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर करीब दो साल तक उसका शोषण किया। बाद में जब पीड़िता ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की तो आरोपी कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बदनामी का डर दिखाकर पीड़िता से सोने के गहने भी ऐंठ लिए। पीड़िता ने डर के कारण सोने के सिक्के, चेन, झुमके सहित कई आभूषण आरोपी को दे दिए। इसके बावजूद आरोपी की प्रताड़ना जारी रही।
आरोप यह भी है कि आरोपी पीड़िता पर अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर नाबालिग ने आत्महत्या तक करने का विचार किया, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना बताई।
इसके बाद पीड़िता की मां उसे लेकर मधुबनी थाना पहुंचीं और पुलिस को मामले की जानकारी दी। थानाध्यक्ष सुदीन राम के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के करीब एक घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौशिकी नगर वार्ड संख्या-4 निवासी संजय ठाकुर के 23 वर्षीय पुत्र गौरव ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।