अररिया में 130.8 लीटर नेपाली शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, तीन बाइक जब्त
अररिया (नरपतगंज): जिले के फुलकाहा थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 130.8 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दो बाइक चोरी की होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से बड़ी मात्रा में शराब की खेप बाइक के माध्यम से भारतीय सीमा में लाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के बथनाहा-बीरपुर मार्ग स्थित लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-10 के फुटानी चौक के समीप घेराबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक सवार तस्करों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने 108 लीटर नेपाली शराब, 12 लीटर बीयर तथा 10.8 लीटर नेपाली अंग्रेजी शराब बरामद की। इस प्रकार कुल 130.8 लीटर शराब जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरपतगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 मधुरा उत्तर निवासी श्रवण कुमार यादव (पिता-सजेंद्र यादव) तथा नरपतगंज थाना क्षेत्र के खैरा पंचायत के चंदा गांव निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि बरामद शराब और जब्त वाहनों को थाना लाया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।