102 बोरा मक्का लेकर निकले ट्रैक्टर चालक की गोली मारकर हत्या, ट्रैक्टर और मक्का गायब
बिहारीगंज (मधेपुरा)। बिहारीगंज-मुरलीगंज एसएच-91 पर तुलसिया स्थित बाढ़ राहत शिविर के सामने सोमवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चथड़िया पीर वार्ड संख्या-03 निवासी 30 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है। शिवम पेशे से ट्रैक्टर चालक था और घटना के बाद से ट्रैक्टर तथा उस पर लदे 102 बोरा मक्का का भी कोई सुराग नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार शिवम कुमार उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के आनंदपुरा स्थित अपने ससुराल में रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। हरैली सोनवर्षा निवासी मक्का व्यवसायी बबलू चौधरी ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे शिवम ट्रैक्टर पर 102 बोरा मक्का लोड कर बिहारीगंज बायपास रोड स्थित मां शेरावाली गोदाम में अनलोड करने के लिए निकला था। लेकिन निर्धारित समय पर न तो ट्रैक्टर गोदाम पहुंचा और न ही चालक का कोई पता चला।
सोमवार सुबह व्यवसायी ने शिवम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। गोदाम में पूछताछ करने पर यह भी स्पष्ट हो गया कि मक्का की खेप वहां नहीं पहुंची है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर तुलसिया में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना और तस्वीर वायरल हुई। तस्वीर देखने पर मृतक की पहचान शिवम कुमार के रूप में की गई।
मृतक की पत्नी कविता देवी ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे उनकी पति से अंतिम बार बातचीत हुई थी। उस समय शिवम ने बताया था कि वह मक्का लोड कर रहा है और बाद में बात करेगा। इसके बाद सुबह परिजनों को उसकी हत्या की सूचना मिली। शिवम अपने पीछे पत्नी, चार बेटियों और एक पुत्र को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बिहारीगंज थाना प्रभारी लवकुश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस हत्या, लूट और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही गायब ट्रैक्टर और 102 बोरा मक्का की तलाश भी जारी है। पुलिस का मानना है कि ट्रैक्टर और मक्का की बरामदगी के बाद मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।