यह खौफनाक घटना अमृतसर से नरपतगंज जा रही 14604 डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में हुई। मानसी रेलवे स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद और बदलाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। गोलीबारी की इस घटना से पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घायल यात्री को बेहद गंभीर हालत में खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत रेफर कर दिया है।
झारखंड के गोड्डा का रहने वाला है घायल यात्री
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल रेल यात्री की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के रहने वाले प्रकाश वर्द्धन के 40 वर्षीय पुत्र देव कुमार के रूप में हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, देव कुमार की पत्नी बिहार के सुपौल जिले में मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) के पद पर कार्यरत हैं। देव कुमार अपने घर गोड्डा से अपनी पत्नी के पास सुपौल ही जा रहे थे। इसी दौरान मानसी और बदलाघाट रेलवे स्टेशन के बीच करीब रात के 8:35 बजे ट्रेन में अचानक कुछ शातिर बदमाश घुस आए और यात्रियों से सामान छीनने लगे। जब देव कुमार ने बदमाशों की इस छिनतई और बदमाशी का विरोध करने की कोशिश की, तो बेखौफ अपराधियों ने उन पर कट्टा तान दिया और सीधे उनके सीने में गोली दाग दी।
बदलाघाट स्टेशन पर रुकवाई गई ट्रेन
ट्रेन में गोली चलने की भयानक सूचना मिलते ही रेल महकमे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस द्वारा ट्रेन को बदलाघाट रेलवे स्टेशन पर ही रुकवाया गया। सूचना मिलते ही मानसी जीआरपी और स्थानीय थानाध्यक्ष दीपक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने लहूलुहान हालत में तड़प रहे इंजीनियर देव कुमार को ट्रेन से उतारा और बिना वक्त गंवाए इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया। मानसी जीआरपी के थानाध्यक्ष रविभूषण ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि चलती ट्रेन में एक रेल यात्री को गोली मारी गई है। पुलिस की विशेष टीमें अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए रेलखंड के आस-पास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।