Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मोहम्मद कामरान 70वीं BPSC में चयनित, बने प्रोबेशन ऑफिसर-मधेपुरा में BDO रहते हुए जारी रखी तैयारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 21, 2026

BIHAR:मोहम्मद कामरान 70वीं BPSC में चयनित, बने प्रोबेशन ऑफिसर-मधेपुरा में BDO रहते हुए जारी रखी तैयारी

मोहम्मद कामरान 70वीं BPSC में चयनित, किशनगंज के कामरान बने प्रोबेशन ऑफिसर

किशनगंज। किशनगंज के खगड़ा स्थित हनफिया रोड निवासी मोहम्मद कामरान ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन प्रोबेशन ऑफिसर के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से मिली बधाइयां

मोहम्मद कामरान, मोहम्मद कयामुद्दीन अंसारी के पुत्र हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही शुभचिंतकों के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लोगों ने भी उन्हें बधाई दी।

मोहम्मद कयामुद्दीन अंसारी स्थानीय स्तर पर एक सम्मानित सामाजिक व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। वह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और पूर्व NDA प्रत्याशी मोहम्मद कलीमुद्दीन के भाई हैं।

मधेपुरा में BDO रहते हुए जारी रखी तैयारी

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कामरान इससे पहले मधेपुरा जिले में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के पद पर कार्यरत थे। प्रशासनिक सेवा की जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी।

उनकी यह सफलता लगातार मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। इसी दृढ़ता के बल पर उन्होंने 70वीं BPSC परीक्षा में यह मुकाम हासिल किया।

युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत

परिजनों के अनुसार, कामरान शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा किशनगंज से प्राप्त की और शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था।

मोहम्मद कामरान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत करना न छोड़ें।

उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।