गोपालगंज में इंटर स्टेट वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 11 चोरी की बाइक बरामद
गोपालगंज। गोपालगंज पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। महम्मदपुर थाना पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 11 चोरी की मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह चोरी की बाइकों के फर्जी दस्तावेज और स्मार्ट कार्ड तैयार कर उन्हें असली बताकर बाजार में बेचता था।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
सदर SDPO राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कुशहर गांव में चोरी की बाइक छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। उसकी पहचान सारण जिले के मशरख थाना क्षेत्र के गंदामन गांव निवासी चंदेश्वर साह के रूप में हुई, जो वर्तमान में कुशहर में रह रहा था।
तलाशी के दौरान उसके ससुराल स्थित घर और परिसर से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
मोबाइल भी जब्त, अन्य आरोपी गिरफ्तार
बरामद मोटरसाइकिलों के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन और चेसिस नंबर की जांच वाहन जांच मशीन से की गई, जिससे उनके वास्तविक मालिकों का पता चला। संबंधित वाहन स्वामियों ने पुष्टि की कि उनकी बाइक पहले चोरी हो चुकी थी।
पुलिस ने तीनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया और अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया।
चंदेश्वर साह की निशानदेही पर बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के खजुलाहपुर गांव निवासी बुलेट उर्फ साहेब को एक चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
इसके बाद महम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी रामबाबू सहनी के पास से भी दो चोरी की बाइक बरामद हुईं।
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
पूछताछ और लगातार छापेमारी के बाद कुल 11 चोरी की बाइक बरामद की गईं। जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बिहार के कई जिलों समेत पड़ोसी राज्यों में भी सक्रिय था।
गिरोह चोरी के बाद वाहनों की पहचान बदलकर फर्जी कागजात तैयार करता था और फिर कम कीमत पर बेच देता था।
फिलहाल महम्मदपुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।