मधुबनी में महिला दारोगा समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
ड्यूटी के दौरान रुपये गिनने का वीडियो वायरल, विभागीय जांच शुरू
मधुबनी में ड्यूटी के दौरान वाहन के अंदर रुपये गिनने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने एक महिला पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) समेत तीन policeकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही तीनों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अररिया संग्राम थाना की एक महिला पुलिस पदाधिकारी वाहन के भीतर रुपये गिनती नजर आ रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले ने तूल पकड़ लिया।
एसपी ने तत्काल जांच के दिए आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेंद्र कुमार ने तुरंत जांच के आदेश जारी किए। जांच की जिम्मेदारी झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुबोध कुमार सिन्हा को सौंपी गई।
जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो करीब दो माह पुराना है। वीडियो में दिख रही महिला पुलिस पदाधिकारी की पहचान अररिया संग्राम थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सोनल कुमारी के रूप में हुई, जो फिलहाल अवकाश पर हैं।
दो अन्य पुलिसकर्मी भी कार्रवाई की जद में
जांच के दौरान यह भी पता चला कि जिस वाहन में यह घटना हुई, उसमें महिला सिपाही सौंदर्या राय और सिपाही गौतम कुमार भी ड्यूटी पर मौजूद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इन दोनों को भी निलंबित कर दिया गया।
विभाग की साख पर पड़ा असर
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ड्यूटी के दौरान इस तरह का आचरण कई सवाल खड़े करता है। यह न केवल संदेह पैदा करता है बल्कि पुलिस विभाग की निष्पक्षता और साख पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सोनल कुमारी, गौतम कुमार और सौंदर्या राय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
मधुबनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा और जनता के विश्वास को बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने कहा कि विभाग की छवि धूमिल करने वाले किसी भी कृत्य पर भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।