कटिहार/मधेपुरा। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कटिहार जिले के मनिहारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान मधेपुरा जिले के दो युवकों को 26 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को कवैया मोड़ के पास पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनिहारी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध विदेशी शराब की खेप लेकर कवैया मोड़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कवैया मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सुबोध जायसवाल, पिता रासस्वरूप प्रसाद जायसवाल तथा 31 वर्षीय ललन ठाकुर, पिता स्वर्गीय राजेंद्र ठाकुर, दोनों निवासी बिहारीगंज थाना क्षेत्र, जिला मधेपुरा के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 26 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में मनिहारी थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस शराब के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।