Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News:1530 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, गुजरात से पूर्णिया जा रही थी खेप; तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 10, 2026

Bihar News:1530 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, गुजरात से पूर्णिया जा रही थी खेप; तस्कर गिरफ्तार

सीवान। सीवान उत्पाद विभाग की टीम ने बुधवार को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1530 लीटर कोडीन फॉस्फेट युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। गुठनी थाना क्षेत्र के गुठनी चेक पोस्ट पर की गई इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बरामद सिरप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4.59 लाख रुपये बताई जा रही है।

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि गुजरात नंबर की एक डीसीएम वाहन में भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर गुठनी चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध डीसीएम को रोका गया। वाहन रुकते ही चालक उतरकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उत्पाद विभाग के जवानों ने उसे पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक में रखे टायरों के बीच छिपाकर रखी गई 1530 लीटर कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सिरप बरामद हुई। यह सिरप प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और इसका उपयोग नशे के लिए किया जाता है। एनडीपीएस एक्ट के तहत यह नियंत्रित पदार्थ माना जाता है।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान गुजरात के अहमदाबाद जिले के वटवा थाना क्षेत्र स्थित नवजीवन निवासी दिलीप कुमार पांडेय के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि प्रतिबंधित सिरप की खेप गुजरात से लाई जा रही थी और इसे पूर्णिया में एक मेडिकल एजेंसी तक पहुंचाना था। उसने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह इस तरह की तस्करी में शामिल रहा है।

उत्पाद विभाग के अनुसार पूछताछ के दौरान तस्कर ने गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं। उसने खेप के मालिक, डिलीवरी लेने वाले लोगों और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी दी है। इन जानकारियों के आधार पर अब उत्पाद विभाग गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। पूर्णिया में भी छापेमारी की जा सकती है।

उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि बरामद प्रतिबंधित सिरप के मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।