भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: बेतिया अंचल कार्यालय का डाटा एंट्री ऑपरेटर 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
पश्चिम चम्पारण / बेतिया: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेतिया अंचल कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने 16 जून 2026 को यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ निगरानी थाना कांड संख्या 073/26 दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, परिवादी बालेश्वर कुमार (निवासी- बरवत पससाईन, थाना मुफस्सिल, बेतिया) ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जमाबंदी का लॉक खोलने के एवज में डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया।
टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए बेतिया अंचल कार्यालय में छापेमारी की और आरोपी राज कुमार मिश्र को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।