Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी, एक ही परिवार के 5 लोग घायल; बेटे की पासिंग परेड में जा रहे थे - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 19, 2026

सहरसा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी, एक ही परिवार के 5 लोग घायल; बेटे की पासिंग परेड में जा रहे थे

सहरसा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी, एक ही परिवार के 5 लोग घायल; बेटे की पासिंग परेड में जा रहे थे

बिहार के सहरसा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला समेत एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान पंकज चौधरी (45), उनकी पत्नी अंजू कुमारी (42), भाई रामकुमार चौधरी (40) और दो बेटों करण कुमार (19) व राजकुमार (18) के रूप में हुई है। सभी घायल जमुई जिले के लक्ष्मीपुर वार्ड नंबर 7 के निवासी बताए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, पूरा परिवार अपने भतीजे विवेक कुमार के दीक्षांत (पासिंग आउट) परेड में शामिल होने के लिए सहरसा आ रहा था। विवेक बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयनित हैं और सहरसा पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। शुक्रवार को उनकी पासिंग परेड आयोजित थी, लेकिन समारोह में पहुंचने से पहले ही परिवार हादसे का शिकार हो गया।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह परिवार स्कॉर्पियो से सहरसा के लिए निकला था। जब वाहन बरियाही-सिमरी बख्तियारपुर मुख्य मार्ग पर मदनपुर चौक के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई, जिससे गाड़ी में सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

सदर अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, पंकज चौधरी और उनके बेटे करण कुमार को पैरों और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। बाकी घायलों का इलाज जारी है।

घटना की पुष्टि करते हुए बलवाहाट थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।