Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से लौटाए 51 मोबाइल, 9.47 लाख के फोन मालिकों को सौंपे - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 21, 2026

सहरसा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से लौटाए 51 मोबाइल, 9.47 लाख के फोन मालिकों को सौंपे

सहरसा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से लौटाए 51 मोबाइल, 9.47 लाख के फोन मालिकों को सौंपे

पुलिस ने अपने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत रविवार को 51 लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

यह अभियान का नौवां चरण था, जिसमें बरामद 51 मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 47 हजार 960 रुपये बताई गई है।

पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के पहले चरण से लेकर अब तक कुल 476 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 81 लाख 32 हजार 883 रुपये है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के मोबाइल गुम या चोरी हुए थे और जिन्होंने संबंधित थानों में शिकायत या प्राथमिकी दर्ज कराई थी, उनके मोबाइलों को तकनीकी सेल की मदद से ट्रैक कर बरामद किया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को राहत पहुंचाना और गुम या चोरी हुए मोबाइल के दुरुपयोग को रोकना है।

CEIR पोर्टल पर करें शिकायत दर्ज

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। ceir.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक भी कराया जा सकता है, जिससे उसके गलत इस्तेमाल को रोका जा सके।

सहरसा पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों की सुरक्षा और उनके खोए सामान की बरामदगी के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।