मुंगेर। मुंगेर जिले के पूरबसराय थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पत्नी ने अपने पति पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद महिला अपनी चार माह की बच्ची और घर में रखे जेवरात लेकर फरार हो गई।
पीड़ित मो. फैसल खान के अनुसार उनका निकाह 13 अप्रैल 2025 को भागलपुर निवासी इशरत हसन उर्फ सानिया से हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। फैसल का आरोप है कि पत्नी के किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी और इसी कारण रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।
पीड़ित के मुताबिक घटना वाले दिन वह काम से लौटकर घर पहुंचे थे। इस दौरान पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। बाद में वह सोने चले गए। आरोप है कि इसी दौरान उनकी पत्नी ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
घटना के बाद आरोपी महिला अपनी चार महीने की बच्ची और घर में रखे कीमती जेवरात लेकर घर से चली गई। पीड़ित ने पुलिस से बच्ची को वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पूरबसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।