Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा:25 दिन के मासूम की संदिग्ध मौत, मां ने दादा-दादी पर लगाया हत्या का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 9, 2026

मधेपुरा:25 दिन के मासूम की संदिग्ध मौत, मां ने दादा-दादी पर लगाया हत्या का आरोप

मधेपुरा में 25 दिन के मासूम की संदिग्ध मौत, मां ने दादा-दादी पर लगाया हत्या का आरोप

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मुहल्ला में मंगलवार की सुबह एक 25 दिन के दूधमुंहे बच्चे की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मृत बच्चे की मां मौसम कुमारी ने अपने सास-ससुर पर बच्चे की गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मृत बच्चे की पहचान आनंद कुमार (25 दिन) के रूप में हुई है। बच्चे की मौत की सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया।

मृतक की मां मौसम कुमारी ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसने लक्ष्मीपुर गांव निवासी बाबुल यादव से प्रेम विवाह किया था। यह अंतरजातीय विवाह परिवार के कुछ सदस्यों को स्वीकार नहीं था। मौसम का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसके सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्य उसे प्रताड़ित करते थे और अक्सर विवाद होता रहता था।

मौसम ने बताया कि चार दिन पहले भी घरेलू विवाद को लेकर उसने थाना में आवेदन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह उसका 25 दिन का बेटा मृत अवस्था में मिला। बच्चे की नाक से खून निकल रहा था, जिससे उसे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है।

घटना के बाद बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद से आरोपित दादा-दादी के घर छोड़कर फरार होने की भी चर्चा है।

प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश चौधरी ने बताया कि बच्चे के माता-पिता द्वारा दादा-दादी पर हत्या का आरोप लगाया गया है। हालांकि अभी तक कोई औपचारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चे की मौत हत्या के कारण हुई है या किसी बीमारी अथवा अन्य वजह से, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।