Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA CRIME:जल्लाद बना पति: दहेज में कार नहीं मिलने पर पत्नी की जान ली, फिर शव लटकाया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 9, 2026

PURNEA CRIME:जल्लाद बना पति: दहेज में कार नहीं मिलने पर पत्नी की जान ली, फिर शव लटकाया

पूर्णिया में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति गिरफ्तार

पूर्णिया शहर के केहाट थाना क्षेत्र स्थित ततमा टोली में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज में कार और मकान बनाने के लिए रुपये नहीं मिलने पर पति ने अपनी 27 वर्षीय पत्नी शांति कुमारी की बेरहमी से हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

परिजनों के अनुसार शांति कुमारी की शादी नवंबर 2021 में भागलपुर जिले के निवासी अमित कुमार मिश्र से हुई थी। शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे और 11 लाख रुपये नकद भी दिए गए थे। इसके बावजूद शादी के कुछ महीनों बाद से पति अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा।

मृतका की बहन प्रियंका ने आरोप लगाया कि अमित कुमार मिश्र लगातार कार खरीदने और पूर्णिया में जमीन लेकर मकान बनाने के लिए पैसे मांगता था। मांग पूरी नहीं होने पर शांति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि पति बाहर जाने के दौरान उसे कमरे में बंद कर देता था।

सोमवार शाम घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग पूर्णिया पहुंचे तो शांति का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों का दावा है कि शव पर चेहरे, गर्दन, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के लिखित बयान के आधार पर आरोपी पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी पति अमित कुमार मिश्र, जो एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

इस घटना के बाद मृतका के परिजनों में गहरा आक्रोश है और पूरे इलाके में दहेज प्रथा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।