Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल श्राद्ध भोज में बड़ा हादसा: दाल में मृत छिपकली मिलने के बाद 150 से अधिक लोग बीमार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 22, 2026

सुपौल श्राद्ध भोज में बड़ा हादसा: दाल में मृत छिपकली मिलने के बाद 150 से अधिक लोग बीमार

श्राद्ध भोज में बड़ा हादसा: दाल में मृत छिपकली मिलने की चर्चा के बाद 150 से अधिक लोग बीमार, अस्पताल में मची अफरा-तफरी

जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ वार्ड संख्या-10 में रविवार देर शाम आयोजित श्राद्ध भोज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भोज में परोसी गई दाल में मृत छिपकली मिलने की चर्चा फैलते ही लोगों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में भोज में शामिल 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

दाल में मृत छिपकली मिलने की खबर से मची भगदड़

जानकारी के अनुसार दतुआ वार्ड संख्या-10 निवासी छोटकेलाल यादव के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। इसी दौरान भोजन परोसने के क्रम में दाल में मृत छिपकली मिलने की सूचना फैल गई।

इसके बाद कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते भोज स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रभावित लोगों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हैं।

एक साथ 150 से अधिक मरीज पहुंचने से अस्पताल में बढ़ी हलचल

परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी प्रभावित लोगों को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया। एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के अस्पताल पहुंचने से परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. बीएन पासवान के नेतृत्व में मरीजों का इलाज शुरू किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।

चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश मरीजों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगा है।