सौर बाजार में अवैध शराब भट्ठी का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार; 15 लीटर देसी शराब बरामद
थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अजगैवा पंचायत के गढ़िया बहियार में चल रही एक अवैध देसी शराब भट्ठी का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 15 लीटर देसी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक गैस सिलेंडर, तीन देगची, एक चूल्हा और तीन ड्राम जब्त किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गढ़िया गांव वार्ड संख्या-02 निवासी बीनो यादव के 35 वर्षीय पुत्र गुंजन यादव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही उससे गहन पूछताछ भी की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
उन्होंने कहा कि इस धंधे में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। सौर बाजार पुलिस की यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।