Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में लग्जरी गाड़ी से बकरी की चोरी, VIDEO:चोर 15 लाख की हुंडई कार से आए थे, CCTV कैमरे में कैद हुई करतूत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 28, 2026

पूर्णिया में लग्जरी गाड़ी से बकरी की चोरी, VIDEO:चोर 15 लाख की हुंडई कार से आए थे, CCTV कैमरे में कैद हुई करतूत

Highlights

1. पूर्णिया में लग्जरी कार से बकरी चोरी का मामला सामने आया।


2. 15 लाख की हुंडई कार से आए चोर, CCTV में कैद हुई पूरी घटना।


3. दिनदहाड़े चोरी से ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।


Purnia News: लग्जरी कार से बकरी चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पूर्णिया जिले में बकरी चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शातिर चोर लग्जरी कार से पहुंचे और कुछ ही सेकेंड में बकरी चुराकर फरार हो गए। पूरी घटना गांव में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह मामला जिले के बायसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरिया गांव यादव टोली का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव में एक दुकान के बाहर बकरी बांधकर रखी गई थी। देर शाम तक बकरी नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

एक-दो दिन तक तलाश के बाद जब सोमवार को गांव में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तब चोरी की पूरी घटना सामने आई।

चंद सेकेंड में बकरी उठाकर फरार

CCTV फुटेज के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे एक हुंडई कार गांव में पहुंची। कार में सवार लोग पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। गांव वालों को लगा कि किसी अधिकारी या किसी खास व्यक्ति की गाड़ी आई है, इसलिए किसी को उन पर शक नहीं हुआ।

इसी दौरान कार से उतरे बदमाशों ने तेजी से बकरी को पकड़ा और कुछ ही सेकेंड में उसे कार में डालकर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

काला शीशा होने से पहचान मुश्किल

ग्रामीणों ने बताया कि कार में काला शीशा लगा हुआ था, जिससे अंदर बैठे लोगों की पहचान नहीं हो सकी। इलाके में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में डर का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले बाइक सवार चोरों का खतरा था, लेकिन अब लग्जरी कार से दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।