यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय (29) को सोमवार को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रशांत पर युवती से 4 साल तक दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप है।
पीड़ित के मुताबिक, शादी का झांसा देकर आरोपी ने मुझे फंसाया। 4 साल तक संबंध बनाए। 2 बार गर्भवती हुई तो गर्भपात करा दिया। फिर गुपचुप तरीके से 25 अप्रैल को प्रयागराज में शादी रचा ली। सोशल मीडिया के दोस्त के जरिए मैंने उसकी शादी की तस्वीरें देखी।
इस बारे में उससे पूछा तो आनकानी करने लगा। 4 मई को वह वाराणसी के सारनाथ थाने पहुंची और सिपाही के खिलाफ FIR कराई। पुलिस ने सिपाही को पूछताछ के लिए बुलाया और गिरफ्तार कर लिया। आज उसे कोर्ट में पेश करेगी।
गाजीपुर रिजर्व पुलिस लाइन के RI आरके तिवारी ने बताया-
सिपाही प्रशांत राय 2 साल से मंत्री ओम प्रकाश राजभर के इस्कॉर्ट में तैनात था। उसके खिलाफ जांच की जा रही है।
4 साल से अफेयर, 2 साल से साथ रहती थी युवती
मिर्जापुर के ड्रमंडगंज चंद्रगढ़ के रहना वाले प्रशांत 8 साल पहले पुलिस में भर्ती हुआ था। वाराणसी के अजगरा थाना क्षेत्र की रहने वाला युवती के मुताबिक, सिपाही सारनाथ के बेनीपुर में कमरा किराए पर लेकर रहता था। इसी बीच, 4 साल पहले उनका अफेयर हो गया। शादी करने का वादा कर मेरे साथ संबंध बनाने लगा। मेरे घर आने-जाने लगा। फिर मैंने घरवालों से हमारे रिश्ते के बारे में बात की।
युवती के मुताबिक, सिपाही मेरी जाति का नहीं था, इसलिए परिवार वालों ने इस पर आपत्ति जताई। 2 साल पहले मैं उसके साथ सारनाथ वाले कमरे में ही रहने लगी। 6 महीने पहले गर्भवती हुई तो उसने गर्भपात के दबाव बनाया। कहा- बिना शादी मां बनने पर बात बिगड़ जाएगी। मेरा गर्भपात करा दिया। दो महीने पहले फिर मैं गर्भवती हो गई। उसने फिर से गर्भपात कराया।
इसी बीच, प्रशांत ने 25 अप्रैल को गुपचुप तरीके से उसने शादी कर ली। 1 मई को मुझे सोशल मीडिया पर एक दोस्त ने सिपाही की शादी की फोटो भेजी, तब जाकर मुझे पता चला कि सिपाही ने मेरे साथ धोखा किया। मैंने प्रशांत को फोन किया ,लेकिन वह गोलमोल जवाब देता रहा। फिर मैं पुलिस के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंची।
सिपाही ने पुलिस से जुर्म कबूला
पुलिस के मुताबिक, युवती 4 मई को सारनाथ थाने पहुंची। आपबीती बताई। सिपाही के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद सिपाही को थाने पर बुलाया। सिपाही अपने बड़े भाई कमल नारायण राय के साथ थाना सारनाथ पहुंचा। पुलिस ने मामले में सिपाही से सवाल किए गए। साथ ही युवती के साथ खिंचाए फोटो भी दिखाए। इसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।