Kosi Live-कोशी लाइव 'जनता ने समझा दर्द...', RG Kar रेप पीड़िता की मां ने जीता चुनाव, जानिये लोगों ने क्या कुछ कहा... - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 5, 2026

'जनता ने समझा दर्द...', RG Kar रेप पीड़िता की मां ने जीता चुनाव, जानिये लोगों ने क्या कुछ कहा...

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे चौंकाने वाले हैं. इस बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया. भाजपा के खाते में 200 से ज्यादा सीटें आईं, वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) 80 से 90 सीटें ही जीत पाई. बंगाल चुनावी नतीजों में सबसे बड़ी खबर पानीहाटी सीट से आई. यहां आरजी कर रेप-हत्या मामले की पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ ने जीत दर्ज की.

उन्होंने टीएमसी के उम्मीदवार तीर्थंकर घोष पर बड़ी बढ़त बनाते हुए चुनावी मुकाबले को अपने नाम कर लिया. भाजपा ने उन्हें टिकट देकर बड़ा दांव खेला था, जो अब सही साबित होते दिखा. यह जीत न सिर्फ राजनीतिक, बल्कि भावनात्मक और प्रतीकात्मक के तौर पर भी देखी जा रही है. क्योंकि रत्ना देवनाथ उस पीड़िता की मां हैं, जिसने पूरे राज्य को झकझोर दिया था.

कितने वोटों से जीतीं रत्ना देवनाथ?

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, शुरुआती राउंड में मुकाबला कड़ा था और TMC के उम्मीदवार आगे चल रहे थे. लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, तस्वीर बदलती गई. आठवें राउंड तक रत्ना देवनाथ करीब 20 हजार वोटों से आगे निकल गईं. इस सीट पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में थे, लेकिन असली मुकाबला भाजपा और तृणमूल के बीच ही सिमट गया. आखिरकार रुझान पूरी तरह रत्ना देवनाथ के पक्ष में चला गया.

मां को जीतते देख लोग क्या बोले?

रत्ना देवनाथ चुनाव जीतीं, तो सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा - यह जीत उनकी बेटी को समर्पित है. लोगों का मानना है कि यह नतीजा उनके संघर्ष और धैर्य का फल है. दूसरे यूजर ने कहा कि जनता ने दर्द को महसूस किया और अब बदलाव चाहती है, इसलिए उन्हें इतना समर्थन मिला.

कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि कभी-कभी गंदगी साफ करने के लिए उसी में उतरना पड़ता है और रत्ना देवनाथ ने वही किया. कई यूजर्स ने उम्मीद जताई कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए.

क्या था RG Kar रेप-हत्या मामला?

यह चुनाव उस दर्दनाक घटना की पृष्ठभूमि में लड़ा गया, जो 9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर (RG Kar Rape Case) मेडिकल कॉलेज में हुई थी. एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था. इस मामले के बाद, डॉक्टरों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं. बाद में एक आरोपी को उम्रकैद की सजा मिली, लेकिन पीड़िता का परिवार जांच से संतुष्ट नहीं था और अन्य लोगों की भूमिका पर सवाल उठाता रहा. यही मुद्दा आगे चलकर चुनाव में बड़ा फैक्टर बन गया.