Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:सुपौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ आठ अपराधी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 12, 2026

SUPAUL:सुपौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ आठ अपराधी गिरफ्तार

सुपौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ आठ अपराधी गिरफ्तार

सुपौल: जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नगर परिषद क्षेत्र स्थित गणपति मैरेज हॉल के पीछे एक अर्धनिर्मित पक्के मकान में छापेमारी कर आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन देसी हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत को रविवार की शाम सूचना मिली थी कि कुछ युवक गणपति मैरेज हॉल के पीछे स्थित एक सुनसान अर्धनिर्मित मकान में हथियारों के साथ जुटे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।

पहले चार युवक गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से फुलेन्द्र कुमार, बलराम कुमार, अभय कुमार और सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक कट्टा, एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए।

इनकी निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार, विक्रम यादव, रंजीत कुमार और राजकुमार मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक और देसी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

कॉरेक्स और स्मैक सेवन के साथ करते थे अपराध

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अक्सर इस अर्धनिर्मित मकान में बैठकर कॉरेक्स और स्मैक का सेवन करते थे। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में छिनतई, लूट और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए यहां इकट्ठा हुए थे और इसी अवैध गतिविधि से पैसे कमाते थे।

आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में सुपौल थाना कांड संख्या 329/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले का अनुसंधान जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनमें राजकुमार मुखिया, अशोक Kumar, फुलेन्द्र कुमार और विक्रम यादव के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

अपराध नियंत्रण में बड़ी सफलता

सुपौल पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियार कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।