Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:निर्मली के नए एसडीपीओ अनुपेश नारायण ने संभाला पदभार, कहा- बड़े शराब माफियाओं पर होगी सख्त कार्रवाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 23, 2026

SUPAUL:निर्मली के नए एसडीपीओ अनुपेश नारायण ने संभाला पदभार, कहा- बड़े शराब माफियाओं पर होगी सख्त कार्रवाई

निर्मली के नए एसडीपीओ अनुपेश नारायण ने संभाला पदभार, कहा- बड़े शराब माफियाओं पर होगी सख्त कार्रवाई
सुपौल जिले के निर्मली अनुमंडल में नव पदस्थापित एसडीपीओ अनुपेश नारायण ने पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उनका स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अपराध नियंत्रण को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
प्रभात खबर से खास बातचीत में एसडीपीओ अनुपेश नारायण ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद छोटे तस्कर और शराब पीने वाले लगातार पकड़े जा रहे हैं, लेकिन बड़े शराब माफियाओं तक पुलिस की पहुंच अभी प्रभावी तरीके से नहीं बन पा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब बड़े शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बड़े तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आम लोगों के साथ समन्वय स्थापित करेगी। इस संबंध में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं। उनका मानना है कि बड़े शराब माफियाओं पर कार्रवाई होने से छोटे तस्करों और शराबियों पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
एसडीपीओ ने अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस गश्ती बढ़ाने के निर्देश भी संबंधित थाना प्रभारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर कई हिंसक घटनाओं की सूचनाएं मिल रही हैं। ऐसे मामलों के समाधान के लिए थाना अध्यक्षों को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर जनता दरबार के माध्यम से विवादों का निपटारा करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जमीन विवाद समाप्त होने से लोगों के बीच आपसी रंजिश कम होगी और क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल कायम रहेगा। एसडीपीओ अनुपेश नारायण ने बताया कि क्षेत्र का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें नोट कर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।