Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:फर्जी दस्तावेज से जमीन हड़पने का खेल उजागर, दो आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 23, 2026

BIHAR:फर्जी दस्तावेज से जमीन हड़पने का खेल उजागर, दो आरोपी गिरफ्तार

अररिया में फर्जी दस्तावेज से जमीन हड़पने का खेल उजागर, दो आरोपी गिरफ्तार
अररिया जिले में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के बड़े खेल का पुलिस ने खुलासा किया है। जितेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जाली आधार कार्ड और फर्जी भू-स्वामी बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला नगर थाना अररिया में थाना कांड संख्या-239/2026 के तहत दर्ज किया गया था। निबंधन कार्यालय अररिया के निम्नवर्गीय कर्मचारी पंकज कुमार के आवेदन पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने गिद्धवास निवासी संजय मंडल के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर किसी अन्य व्यक्ति को असली भू-स्वामी बनाकर पेश किया और पहचानकर्ता नारायण मंडल व गवाह सच्चितानंद मंडल की मिलीभगत से डीड नंबर 7175 का निबंधन करा लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की साजिश रची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय स्रोतों की मदद से निबंधन कार्यालय से फर्जी आधार नंबर का विवरण प्राप्त किया गया। फोटो की पहचान के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय मंडल पुत्र महेश मंडल और जीवछ मंडल पुत्र ब्रह्मदेव मंडल, दोनों निवासी गिद्धवास थाना रानीगंज, जिला अररिया के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से मूल आधार कार्ड, रजिस्ट्री में इस्तेमाल किया गया फर्जी आधार कार्ड, अन्य जाली दस्तावेज और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी दल में मनीष कुमार रजक, धर्मेंद्र कुमार, रामलखन चौधरी और डीआईयू टीम के अधिकारी शामिल थे।
एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में जमीन घोटालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और फर्जी दस्तावेजों के सहारे संपत्ति हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।