Kosi Live-कोशी लाइव भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 4.24 लाख नेपाली करेंसी के साथ तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 21, 2026

भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 4.24 लाख नेपाली करेंसी के साथ तस्कर गिरफ्तार

जोगबनी (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 56वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है।

बुधवार को एसएसबी की बीआईटी टीम ने जोगबनी स्थित बीसीपी गेट के पास कार्रवाई करते हुए नेपाल ले जाए जा रहे 4 लाख 24 हजार नेपाली मुद्रा (पैसा) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार व्यक्ति राजेश चौधरी (52) फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर वार्ड संख्या एक का निवासी बताया गया है। कार्रवाई के दौरान एसएसबी ने एक बाइक भी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के 'आई' समवाय जोगबनी अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 180 के समीप भारतीय क्षेत्र में जांच अभियान चलाया जा रहा था।

बाइक सवार संदिग्ध को पुलिस ने पकड़ा

इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोक कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 4.24 लाख नेपाली मुद्रा बरामद की गई, जिसे भारत से नेपाल ले जाया जा रहा था।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त नेपाली मुद्रा, बाइक एवं गिरफ्तार आरोपित को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।

सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ाई गई चौकसी के कारण तस्करी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।