बिहार के मोतिहारी से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पति ने अपनी पत्नी को खंभे से बांधकर रखा है. मामला पति पत्नी के बीच मनमुटाव का है. पति से जब इसके पीछे की वजह पूछी तो बोला- ये बार-बार भाग जाती है.
इसलिए इसे बांध दिया. वहीं पत्नी का कहना है कि पति ना उसके हाथ का बनाया खाना खाता है और ना ही उससे बात करती है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची. महिला के पिता भी साथ थे. बाद में महिला को छुड़वाया गया.
घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र की है. जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाले एक पति-पत्नी का आपसी विवाद इतना तूल पकड़ लिया की पति ने अपनी पत्नी को रस्सी से बांधकर खंभे से जकड़ दिया. पचखरवा गांव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कैसे महिला के पति ने उसके हाथ पांव को बांधकर उसे खम्भे में बांध दिया. घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तथा लड़की के पिता भी मौके पर पहुंचे और महिला को बंधन मुक्त कराया.
‘पति पीटने लगे तो घर से निकल पड़ी’
पीड़िता शोभा देवी के अनुसार, उसके पति उससे बात नहीं करते हैं और ना ही उनके हाथ का बना खाना खाते हैं. इसी बात को लेकर वह इसके पहले भी संबंधित थाना में आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई थी और आज जब उसके पति उसे मारने पीटने लगे तो वह नाराज होकर अपने घर से निकल पड़ी. तभी उसके पति ने उसे रस्सी से बांध दिया. वहीं दूसरी तरफ महिला के पति विजय गिरी ने कहा कि उनके और उनके पत्नी के बीच कोर्ट में मामला चल रहा है और उनकी पत्नी बार-बार घर से भाग जाती है, जिसके कारण उन्होंने उसे बांधकर रखा है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या कोई पति अपने पत्नी को इस तरह जानवरों की तरह बांध कर रखता है?