बगहा। शराब के नशे में पत्नी व बेटी के साथ मारपीट करने वाले पिता को एसपी के सामने उस समय झुकना पड़ा जब उनकी मासूम सी बेटी श्रेयांशी कुमारी ने एसपी के समक्ष वादा कराया कि अब शराब का सेवन नहीं करेंगे।
जिसके बाद अपनी गुड़िया के कहने पर पिता ने कान भी पकड़ा।
वहीं, एसपी ने दपंती को राजी-खुशी से रहने की नसीहत देते हुए जाने का आदेश दिया। बगहा की प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी की इस पहल की सराहना जिले में हो रही है। बताया जाता है कि प्रभारी एसपी के द्वारा एक वीडियो इंटरनेट पर जारी कर यह संदेश दिया है कि हर विवाद और पारिवारिक मामला केवल केस-मुकदमे से ही नहीं सुलझाया जाता, बल्कि आपसी समझ और संवाद से भी कई समस्याओं का समाधान संभव है।
जारी वीडियो में एक शराब के आदी पिता अपनी बेटी के सामने भावुक होकर यह वादा करते नजर आ रहे हैं कि अब वह शराब का सेवन नहीं करेंगे।
भावुक हो गए लोग
बेटी के सामने पिता के इस संकल्प ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया। इस पहल का उद्देश्य केवल एक व्यक्ति को समझाना नहीं, बल्कि पूरे परिवार को टूटने से बचाना और समाज को सकारात्मक संदेश देना है।
प्रभारी एसपी ने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ कानून लागू करना ही नहीं, बल्कि जहां तक संभव हो वहां परिवारों को बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने का भी है। इस पहल के बाद स्थानीय लोगों ने प्रभारी एसपी की सराहना की है।
लोगों का कहना है कि इस तरह की संवेदनशील पहल परिवारों को संवारने का काम करती है। कई लोगों ने इसे मानवीय पुलिसिंग की मिसाल बताते हुए प्रभारी एसपी को दिल से सलाम किया।