सहरसा के स्कूल में मिड डे मील में मिला सांप का बच्चा: दाल खाने के बाद दर्जनों बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
सहरसा प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में सांप का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। दाल में मरा हुआ सांप का बच्चा मिलने के बाद भोजन कर चुके दर्जनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गयी। बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दाल में सांप दिखते ही मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार विद्यालय में बच्चों को एमडीएम परोसा जा रहा था। इसी दौरान दाल में सांप का बच्चा दिखाई दिया। यह खबर फैलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। कई बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत की। कुछ बच्चे रोने लगे, जिसके बाद शिक्षकों ने तत्काल स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
अभिभावकों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गये। गुस्साए अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन और एमडीएम व्यवस्था पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों का कहना था कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
स्कूल परिसर बना पुलिस छावनी
स्थिति तनावपूर्ण होते देख मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया। एहतियात के तौर पर विद्यालय परिसर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी, जिससे पूरा परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
अस्पताल पहुंचे डीएम और एसपी
इधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों की जांच शुरू कर दी है। पीएचसी और सदर अस्पताल में भर्ती बच्चों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद और तत्काल अस्पताल पहुंचे और बच्चों की हालत की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से भी बातचीत की।
जांच के आदेश, कार्रवाई की तैयारी
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।