Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, एक माह की बच्ची को छोड़ गई मां; पति पर प्रताड़ना का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 27, 2026

SAHARSA:सहरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, एक माह की बच्ची को छोड़ गई मां; पति पर प्रताड़ना का आरोप


सहरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, एक माह की बच्ची को छोड़ गई मां; पति पर प्रताड़ना का आरोप
सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा): बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत हरियो गांव वार्ड संख्या-13 में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतका के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान नवहट्टा प्रखंड के हाटी गांव निवासी रौशन यादव की पत्नी निधि कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि निधि की एक माह की पुत्री भी है, जो अब मां के साये से वंचित हो गई।
परिजनों के अनुसार मंगलवार की शाम निधि अपने कमरे में बच्ची के साथ थी। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर स्वजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद कमरे का दरवाजा खोला गया तो महिला अचेत अवस्था में मिली। आनन-फानन में लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना बुधवार सुबह पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार और बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतका की मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि निधि की शादी पिछले वर्ष मार्च में हुई थी और शादी के बाद वह अपने पति के साथ दिल्ली चली गई थी, जहां उसका पति एक निजी कंपनी में काम करता है।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति द्वारा पैसे और बाइक की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया था। इसी कारण निधि मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। नौ अप्रैल को उसने एक बच्ची को जन्म दिया था, जिसके बाद उसकी परेशानी और बढ़ गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।