Kosi Live-कोशी लाइव पटना में पुलिस एनकाउंटर, 27 लाख लूटकांड के मास्टरमाइंड के पैर में लगी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 27, 2026

पटना में पुलिस एनकाउंटर, 27 लाख लूटकांड के मास्टरमाइंड के पैर में लगी गोली

पटना में पुलिस एनकाउंटर, 27 लाख लूटकांड के मास्टरमाइंड के पैर में लगी गोली
पटना: राजधानी पटना में 27 लाख रुपये की कैश वैन लूट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना को एनकाउंटर में गोली मारकर घायल कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 4 बजे मसौढ़ी थाना क्षेत्र के चरमा मोड़ के पास की गई।

पुलिस के अनुसार घायल अपराधी की पहचान अजय पासवान उर्फ बादल के रूप में हुई है, जो पटना के मनेर थाना क्षेत्र के दरवेशपुर का रहने वाला है। आरोपी को गोली लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, देसी कट्टा और एक बाइक बरामद की है। वहीं औरंगाबाद निवासी अजय यादव नामक एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पटना पूर्वी के सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि अजय पासवान एक अंतरराज्यीय अपराधी है और उस पर बैंक डकैती, रंगदारी, हत्या और लूट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। हाल ही में गोपालपुर थाना क्षेत्र में CMS कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट में भी वह मुख्य भूमिका में था।

एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी मसौढ़ी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद डीएसपी-2 कन्हैया कुमार और मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इसी दौरान बाइक से जा रहे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अजय पासवान के पैर में गोली मार दी।

गौरतलब है कि 13 मई को गोपालपुर थाना क्षेत्र में CMS कंपनी की कैश वैन से हथियार के बल पर 27 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में पुलिस पहले भी एक आरोपी नीतीश Kumar को एनकाउंटर में घायल कर चुकी है। वहीं कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।