Kosi Live-कोशी लाइव कटिहार स्टेशन पर RPF की मानवता की मिसाल, चलती ट्रेन से उतार गर्भवती महिला का कराया सुरक्षित प्रसव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 25, 2026

कटिहार स्टेशन पर RPF की मानवता की मिसाल, चलती ट्रेन से उतार गर्भवती महिला का कराया सुरक्षित प्रसव

कटिहार स्टेशन पर RPF की मानवता की मिसाल, चलती ट्रेन से उतार गर्भवती महिला का कराया सुरक्षित प्रसव
कटिहार रेलवे स्टेशन पर रविवार रात इंसानियत और तत्परता की अनोखी मिसाल देखने को मिली। मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति गंभीर होते देख महिला आरपीएफ जवानों ने बिना देर किए मोर्चा संभाला और डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही सुरक्षित प्रसव कराकर मां और नवजात बच्ची की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय साकिरा खातून अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 15945 मुंबई एलटीटी-डीबीआरजी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। वह कदवा थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। रविवार रात ट्रेन के कटिहार स्टेशन पहुंचते ही उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
उस समय प्लेटफॉर्म पर एलएसआई मुक्ति शील ड्यूटी पर तैनात थीं। महिला यात्री की गंभीर हालत देख उन्होंने तुरंत एलसीटी केएम विमलेश को सूचना दी और रेलवे कंट्रोल को मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी दी। डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही महिला आरपीएफ कर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी संभाल ली।
आरपीएफ जवानों ने प्रसूता को ट्रेन से सुरक्षित उतारा और प्राथमिक चिकित्सा सहायता देते हुए प्लेटफॉर्म पर ही प्रसव प्रक्रिया कराई। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने महिला जवानों की जमकर सराहना की।
कुछ देर बाद रेलवे डॉक्टर मौके पर पहुंचे और मां व नवजात की जांच की। डॉक्टरों ने दोनों को सुरक्षित और स्वस्थ बताया। आवश्यक उपचार के बाद जच्चा-बच्चा को आगे की देखभाल के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।