नवादा में दर्दनाक हादसा, ड्यूटी के दौरान Dial-112 के चालक सिपाही की मौत; ई-रिक्शा ने मारी जोरदार टक्कर
नगर थाना क्षेत्र के महुली इलाके में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में डायल-112 वाहन के चालक सिपाही शिव कुमार उर्फ शंकर सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान सड़क पार करने के समय तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, सिपाही शिव कुमार डायल-112 वाहन के चालक के रूप में तैनात थे। रविवार देर शाम वह ड्यूटी के दौरान वाहन से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुट गई है।
मृतक के परिजन सौरव कुमार ने बताया कि शिव कुमार उर्फ शंकर सिंह नारदीडीह गांव के रहने वाले थे। वह भारतीय सेना के भूतपूर्व सैनिक थे और करीब दो साल पहले डायल-112 में चालक सिपाही के रूप में नियुक्त हुए थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सोमवार सुबह पुलिस लाइन में दिवंगत सिपाही को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पुष्प चक्र अर्पित कर अंतिम सलामी दी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी भावुक नजर आए।
अभिनव धीमान घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि सिपाही सड़क पार कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने कहा कि मृतक के परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी ई-रिक्शा चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।