Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA CRIME:पूर्णिया में पत्नी ने प्रेमियों संग मिलकर की पति की हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 14, 2026

PURNEA CRIME:पूर्णिया में पत्नी ने प्रेमियों संग मिलकर की पति की हत्या

पूर्णिया में पत्नी ने प्रेमियों संग मिलकर की पति की हत्या

परदेश से भेजे गए पैसों को लेकर हुआ विवाद, शव को झाड़ी में छिपाया; पत्नी समेत 3 गिरफ्तार

पूर्णिया | जानकीनगर से नितेश राय की रिपोर्ट : पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और पैसे का विवाद मुख्य कारण बताया जा रहा है।


मामला जानकीनगर थाना क्षेत्र के रूपौली दक्षिण पंचायत स्थित रमजानी मंडल टोला वार्ड संख्या-04 का है। मृतक की पहचान गजेन्द्र मंडल (40), पिता स्व. धूरी मंडल के रूप में हुई है। उनकी हत्या 2 मई की रात किए जाने की बात सामने आई है, जबकि शव 7 मई को बरामद हुआ था।

पत्नी का पति के दोस्तों से चल रहा था प्रेम संबंध

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी शैलेश प्रीतम ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि गजेन्द्र मंडल की पत्नी गणिता देवी का उसके ही दो दोस्तों के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।

इनमें एक आरोपी रंजीत कुमार राय, निवासी रहरिया थाना भरगामा जिला अररिया तथा दूसरा सुमन कुमार, निवासी रमजानी थाना जानकीनगर जिला पूर्णिया है।

घर बनाने के लिए भेजे पैसे प्रेमियों पर खर्च किए

पुलिस जांच में सामने आया कि गजेन्द्र मंडल दूसरे राज्य में मजदूरी करता था और घर बनाने के लिए अपनी पत्नी को पैसे भेजता था। आरोप है कि गणिता देवी ने दोनों प्रेमियों के साथ मिलकर वह पैसा खर्च कर दिया।

जब गजेन्द्र मंडल परदेश से घर लौटा तो उसे इस बात की जानकारी मिली। इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगा।

पत्नी की पिटाई के बाद रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार 2 मई की रात गजेन्द्र मंडल ने पैसे के विवाद को लेकर अपनी पत्नी की पिटाई कर दी थी। यह बात गणिता देवी और उसके दोनों प्रेमियों को नागवार गुजरी। इसके बाद तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।

बताया गया कि दोनों आरोपी रंजीत राय और सुमन कुमार गजेन्द्र मंडल को बहला-फुसलाकर वरुणेश्वर वितरणी नहर के पास ले गए। वहां गणिता देवी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।

पुलिस को गुमराह करने के लिए दर्ज कराई गुमशुदगी

हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से गणिता देवी ने 5 मई को जानकीनगर थाना में लिखित आवेदन देकर पति के लापता होने की सूचना दी थी। उसी आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शव मिलने के बाद पत्नी पर गया शक

7 मई को गजेन्द्र मंडल का शव बरामद होने के बाद पुलिस की जांच तेज हुई। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को पत्नी की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

पुलिस ने पत्नी गणिता देवी समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इन पुलिस अधिकारियों ने किया मामले का खुलासा

इस कांड के अनुसंधान और खुलासे में जानकीनगर थानाध्यक्ष परिक्षित पासवान, रूपेश्वरी ओपी प्रभारी कुमारी अनुष्का रानी, पुलिस अवर निरीक्षक अर्चना कुमारी तथा प्र. पुलिस अवर निरीक्षक गजेन्द्र कुमार शामिल रहे।