Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, 3 आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 14, 2026

पूर्णिया में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, 3 आरोपी गिरफ्तार

पूर्णिया में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

गैरेज में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने कार और मोबाइल भी किए जब्त

पूर्णिया: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। पीड़िता कटिहार जिले की रहने वाली बताई जा रही है।

Loading advertisement...

फोन कर महिला को बुलाया गया था

पीड़िता के अनुसार, वह दिन करीब दो बजे पूर्णिया के अंदेली चौक पहुंची थी। उसे गौरा निवासी रौनक ठाकुर ने फोन कर बुलाया था। रात करीब आठ बजे रौनक ने दोबारा फोन कर उसे अंदेली चौक पर रुकने को कहा।

इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे रौनक ठाकुर सिल्वर रंग की इंडिका कार संख्या BR11PA 7406 से वहां पहुंचा। कार में उसके साथ महेंद्रपुर निवासी मोहम्मद मुन्ना और मोहम्मद सिराज भी मौजूद थे।

आरोप है कि तीनों युवक महिला को बहला-फुसलाकर गौरा मोड़ स्कूल के सामने स्थित एक गैरेज में ले गए, जहां उसके साथ जबरदस्ती सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

बदहवास हालत में सड़क पर मिली पीड़िता

घटना के बाद पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर सड़क पर पहुंची। इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे मुफस्सिल थाना की गश्ती पुलिस वहां से गुजर रही थी।

सड़क किनारे अकेली और बदहवास हालत में महिला को देखकर पुलिस टीम ने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई।

पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोचा

मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इंडिका कार को भी जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।