AC बस-ट्रेलर की भीषण टक्कर, बिहार के युवक समेत 4 की मौत
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में शुक्रवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से दरभंगा जा रही एक AC बस की ट्रेलर से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बिहार के युवक समेत 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा सुबह करीब 5 बजे जैतपुर थाना क्षेत्र में हुआ। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के अंदर फंस गए। पुलिस और राहगीरों ने करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
झपकी आने से हादसे की आशंका
एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका है। हादसे के समय बस की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है। हादसे के बाद बस चालक, कंडक्टर और ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गए।
मृतक की हुई पहचान
चार मृतकों में से एक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है। वह बिहार के वैशाली जिले के महुआ छतवारा के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम रविंद्र कुमार बताया गया है।
घायलों में सुमित मिश्रा (28), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) की पहचान हुई है। सुमित मिश्रा बिहार के रग्घुन कोठी, सुमित आनंद दरभंगा और रिंकू कुमारी मुजफ्फरपुर नगर की रहने वाली बताई गई हैं।
ट्रेलर में राजस्थान से बिहार ले जाई जा रही टाइल्स लदी थी। टक्कर के बाद टाइल्स के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।