बड़ी वारदात से पहले पुलिस का एक्शन, हथियारों के जखीरे के साथ 8 बदमाश गिरफ्तार
पूर्णिया जिले के डंगराहा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ बदमाशों के एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 8 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे। समय रहते पुलिस ने कार्रवाई कर उनकी योजना को नाकाम कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बायसी थाना क्षेत्र के रहने वाले नैयर, अनसर राजा, मो. शौकत, ललन कुमार और लव कुमार शामिल हैं। वहीं कटिहार जिले के बलरामपुर निवासी रबनी यादव और मो. तमन्नु को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी नुर आलम को भी पुलिस ने दबोचा है।
डंगराहा ओपी प्रभारी कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग हथियारों के साथ इलाके में जमा हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 13 जिंदा कारतूस, तीन बाइक और आठ मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने सभी हथियार और अन्य सामान जब्त कर लिया है।
पुलिस गिरफ्तार बदमाशों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि उनके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित वारदात की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस सतर्क हो गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।