मुंगेर : जिले में मंगलवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कासिम बाजार थाना क्षेत्र में कच्चे घर की दीवार गिरने और छप्पर ढहने से 32 वर्षीय महिला फूलन देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति पप्पू मलिक (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के देवर सूरज कुमार ने बताया कि पप्पू मलिक और उनकी पत्नी फूलन देवी अपने चार बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हुआ, जिससे उनके कच्चे घर की दीवार भरभराकर गिर गई। साथ ही अल्बेस्टर का छप्पर भी टूटकर दंपति के ऊपर आ गिरा। हालांकि इस हादसे में उनके चारों बच्चे बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद घायल दंपति को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद फूलन देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पप्पू मलिक का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रुबिकान्त कच्छप ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।